Thursday 17 December 2015

किस नम्बर की कार तुम्हारी

चन्दा   मामा    हमें   बताओ,
किस नम्बर की कार तुम्हारी।
पन्द्रह-पन्द्रह   दिन  ना  आते,
कैसी   है   सरकार   तुम्हारी।

पन्द्रह  दिन  तक इवन नम्बर,
पन्द्रह  दिन  तक  नम्बर ऑड,
इवन-ऑड  वहाँ   भी  चलता,
या  तुम   करते  रहते  फ्रॉड।

डीज़ल  से   क्या  चलते  तारे,
सीएनजी  किट नहीं वहाँ पर।
दूषित  है  वातास  वहाँ  क्या,
धूल-धुआँ  कैसा   है  ऊपर।

सूरज पर  क्या  पावर-कट है,
पावर-हाउस  हुआ क्या फेल।
लो-बोल्टेज की धूप  यहाँ  है,
राम    भरोसे   अपनी   रेल।

कौन-कौन  से  दल  हैं  नभ में,
भ्रष्टाचार   वहाँ    पर   कैसा।
अच्छे  दिन  हैं  कहो  वहाँ पर,
या फिर सब कुछ धरती जैसा।

कृष्ण-पक्ष  है,  शुक्ल-पक्ष  है,
पन्द्रह-पन्द्रह दिन का शासन।
क्या विपक्ष की संख्या कम है,
ठग-बन्धन का चलता शासन।

हमने   तो  सोचा  था  पहले,
मामा  के   घर  हम   जाऐंगे।
वातावरण  वहाँ जब  दूषित,
अब  हम वहाँ  नहीं  आऐंगे।

...आनन्द विश्वास

2 comments:

  1. पन्द्रह दिन तक इवन नम्बर,
    पन्द्रह दिन तक नम्बर ऑड,
    इवन-ऑड वहाँ भी चलता,
    या तुम करते रहते फ्रॉड।

    डीज़ल से क्या चलते तारे,
    सीएनजी किट नहीं वहाँ पर।
    दूषित है वातास वहाँ क्या,
    धूल-धुआँ कैसा है ऊपर।
    बहुत सटीक और रोचक !!

    ReplyDelete
    Replies
    1. धन्यवाद, सारस्वत जी।
      अपना स्नेह बनाए रखिएगा।
      ...आनन्द विश्वास

      Delete